कटिहार – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के अरुण चौधरी सरस्वती शिशु मंदिर बरमसिया में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं दीप-ज्योति वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव अमित कुमार गुप्ता उर्फ ‘बबलू गुप्ता, स्थानीय प्रबंधन समिति के सदस्यगण, अभिभावक बंधु, आचार्य-दीदी जी, कर्मचारी बंधु, पूर्व छात्र तथा बड़ी संख्या में भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में लगभग 52 प्रतिभागियों ने भाग लिया। योगाभ्यास का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित रंजन भारद्वाज द्वारा किया गया। लोक शिक्षा समिति बिहार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
हल्की वर्षा के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखने योग्य था। सभी ने पूरे मनोयोग एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया।कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय की आचार्या श्रीमती नेहा कुमारी, श्रीमती प्रिया कुमारी एवं श्रीमती अर्चना कुमारी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। इन सभी आचार्या दीदी जी ने योग दिवस से पूर्व विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास कराया तथा कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




























