बारसोई /कटिहार – 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा के अंतिम परिणाम में बारसोई की बेटी ऐश्वरी कुमारी ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऐश्वरी को 4325वीं रैंक प्राप्त हुई है तथा उनका चयन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ )पद के लिए हुआ है। बारसोई बाजार स्थित विष्णु मंदिर के समीप रहने वाली ऐश्वरी अशोक कुमार रजक एवं भारती देवी की पुत्री हैं। दो बहन और एक भाई में सबसे बड़ी ऐश्वरी ने वर्ष 2014 में उच्च विद्यालय बारसोई से मैट्रिक तथा 2016 में डीएस कॉलेज कटिहार से आईएससी गणित की परीक्षा उत्तीर्ण की।
इसके बाद उन्होंने 2018 से 2022 तक नालंदा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। बीटेक के बाद उन्होंने पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की।ऐश्वरी ने बताया कि उन्होंने किसी भी प्रकार की कोचिंग नहीं ली और केवल सेल्फ स्टडी के बल पर यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने 68वीं और 69 वीं बीपीएससी परीक्षा में भी प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार दो असफलताओं के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली।उन्होंने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति काफी साधारण थी। उनके पिता एलआईसी एजेंट होने के साथ-साथ एक छोटी कपड़े की दुकान भी चलाते हैं।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद माता-पिता ने हर कदम पर उनका सहयोग किया। ऐश्वरी ने कहा कि पीछे लौटने का कोई विकल्प नहीं था। इसलिए लगातार आगे बढ़ने का संकल्प बनाए रखा।ग्रामीण विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आज ऑनलाइन माध्यम से सभी अध्ययन सामग्री उपलब्ध है। लगन और मेहनत के साथ तैयारी करने पर सफलता अवश्य मिलती है।
सोशल मीडिया के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके सकारात्मक पक्ष को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा का अवसर मिलने पर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और लड़कियों को प्रेरित करने को प्राथमिकता देंगी। वही विधायक संगीता देवी एवं मुख्यपार्षद विमला देवी ने कहा कि पढ़ाई के क्षेत्र में हमारी बेटी किसी से कम नहीं है।
हर क्षेत्र में हमारी बेटी अपना परचम लग रही है। उन्होंने कहा कि ऐश्वरी कुमारी अपनी लग एवं मेहनत से अपने मकान को हासिल किया है। तथा परिवार वालों ने भी इस पर विश्वास किया था जो आज परिणाम सामने हैं। हमलोगों का शुभकामना ऐश्वरी कुमारी के साथ है। ऐश्वरी कुमारी पूरे बिहार एवं जिला एवं प्रखंड का नाम रोशन किया है।




























