पोठिया/किशनगंज: भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत शनिवार को पोठिया मंडल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रभारी संजय उपाध्याय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सपना देवी और जिला सह-कोषाध्यक्ष मनोज सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय उपाध्याय ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने आगामी 28 जून 2026 को होने वाले प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी हर घर तक पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान “12 साल बेमिसाल” अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, सुशासन और जनहित से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार करते हुए संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर जोर दिया गया।
मौके पर सुशील कुमार, राजकुमार राय, अमन कुमार सिंह, रीता हेमरम, विष्णु कुमार सिंह, लक्ष्मण दास सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




























