संवाददाता:विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित मुस्लिम टोला आज भी सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव तक जाने वाली कच्ची सड़क जर्जर है और बरसात में पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे आवागमन ठप पड़ जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव पूर्व और दक्षिण में गोरिया नदी तथा पश्चिम में रेतुआ नदी से घिरा है। बारिश के दिनों में पूरा गांव टापू जैसा बन जाता है।
बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए पानी और कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष गंभीर रूप से बीमार हकमो उद्दीन को खराब सड़क के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना ने सड़क और पुल निर्माण की जरूरत को और गंभीर बना दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब संपर्क मार्ग के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कई बार सांसद, विधायक और प्रशासन को आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव तक पक्की सड़क और गोरिया नदी पर आरसीसी पुल निर्माण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।




























