किशनगंज में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: गलगलिया चेक पोस्ट से 204 लीटर विदेशी शराब के साथ मुजफ्फरपुर का तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

राहुल कुमार/किशनगंज

बिहार में पूर्ण शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग एक्टिव मोड में है। शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की टीम को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप बिहार में एंट्री करने वाली है।

सूचना के आधार पर गलगलिया चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह ने अपने दल-बल के साथ सघन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को टीम ने रोक कर उसकी तलाशी ली। जब कार की सघन जांच की गई, तो उसमें से 204 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने शराब को जब्त करते हुए मौके से कार सवार तस्कर को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अरुण कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है।

गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग की टीम उसे किशनगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका अनिवार्य स्वास्थ्य जांच कराया गया। इसके बाद उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


उत्पादन निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली ने बताया कि शराब माफियाओं के मंसूबों को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। जिले के सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों पर चौकसी और बढ़ा दी गई है ताकि तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई