जीएनएम छात्राओं के बीच जमीन पर बैठे डीएम,शिकायत सुनते ही प्राचार्य-शिक्षक बदलने का दिया आदेश

SHARE:

कटिहार – जीएनएम स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आंदोलन समाहरणालय पहुंच गया। पहले सड़क जाम कर विरोध जता रहीं छात्राएं बाद में समाहरणालय परिसर पहुंचीं। जहां पहले से कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे ।

इस दौरान नाराज छात्राएं डीएम कार्यालय के नीचे परिसर में ही जमीन पर बैठकर प्रदर्शन करने लगीं।‌ प्रदर्शन के बीच डीडीसी मौके पर पहुंचे और छात्राओं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। डीडीसी छात्राओं को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दे ही रहे थे कि तभी जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी मौके पर पहुंचे।

छात्राओं को जमीन पर बैठा देख डीएम ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद जमीन पर बैठकर छात्राओं की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।छात्राओं ने डीएम के सामने स्कूल की बदहाल व्यवस्था को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं का कहना था कि स्कूल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद दयनीय है। नियमित पढ़ाई नहीं होती, प्रशिक्षण व्यवस्था ठप है और कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। छात्राओं ने अपनी प्रमुख मांगों में शिक्षक काजल कुमारी और प्राचार्य को हटाने की मांग भी जोर-शोर से उठाई।

छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि स्कूल में नए शिक्षक और प्राचार्य की व्यवस्था सुनिश्चित करे । जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और कल से ही स्कूल की व्यवस्था में सुधार दिखेगा। डीएम के इस आश्वासन के बाद छात्राओं में उम्मीद जगी कि अब उनकी समस्याओं का समाधान होगा।

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि जीएनएम छात्राओं की सभी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया है तथा उनके समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि छात्राओं ने पढ़ाई प्रभावित होने, साफ -सफाई की बदहाल स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर शिकायत की थी।

जांच में प्राचार्य और शिक्षक की भूमिका संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोनों को हटाने का निर्णय लिया गया है तथा जल्द नए प्राचार्य और शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि छात्राओं की पढ़ाई बाधित न हो। प्रदर्शन पर मामला दर्ज करने के सवाल पर डीएम ने स्पष्ट कहा कि छात्राएं शांतिपूर्ण ढंग से अपनी समस्याएं रख रही थीं। इसलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई