फलका/कटिहार – फलका पुलिस की ओर से थाना क्षेत्र के मांगनपट्टी महादलित टोला के पास से घायल अवस्था में रेस्क्यू किए गए एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब चालीस वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि बीते सोमवार को गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि मांगनपट्टी महादलित टोला के समीप एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका में भर्ती कराया। जहां सोमवार की देर रात इलाज के क्रम में उस अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव की शिनाख्त के लिए उसे अगले 72 घंटों तक शीतगृह मर्च्युरी में सुरक्षित रखा जाएगा।अगर इस समयावधि के भीतर भी शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो पुलिस द्वारा नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। पुलिस आस-पास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



























