ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार: 518 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

अररिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कॉर्पियो और बाइक भी जब्त

अररिया/अरुण कुमार

जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैरगाछी थाना क्षेत्र के रामपुर मोहनपुर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 518 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।


बंगाल से अररिया पहुंची थी नशे की खेप


गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. लादेन मोमिन और अब्दुल गफ्फार के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के निवासी बताए जाते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों तस्कर बंगाल से स्मैक की खेप लेकर अररिया पहुंचे थे और इसकी आपूर्ति की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।


छापेमारी में वाहन भी जब्त


पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। माना जा रहा है कि इन वाहनों का इस्तेमाल नशे की खेप के परिवहन और सप्लाई नेटवर्क में किया जाता था।


बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच शुरू


मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है तथा स्मैक तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।


नशा कारोबारियों पर लगातार प्रहार


जिले में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में कई तस्करों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी से पुलिस ने तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।


पुलिस का संदेश साफ


अररिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी में शामिल हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई