किशनगंज/ प्रतिनिधि
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून-2026 सत्रांत परीक्षा के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्र 86011, मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में आंशिक परिवर्तन किया गया है। यह परिवर्तन बिहार सरकार के केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा 17 जून एवं 24 जून 2026 को आयोजित होने वाली बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के कारण किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज को उक्त दोनों तिथियों में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का भी केंद्र बनाया गया है। दोनों परीक्षाओं की तिथियां एक साथ होने के कारण इग्नू प्रशासन ने 17 जून 2026 तथा 24 जून 2026 की दोनों पालियों की परीक्षाओं के लिए वैकल्पिक केंद्र निर्धारित किया है।
अब इन दोनों तिथियों में इग्नू की सभी परीक्षाएं इंसान डिग्री कॉलेज, किशनगंज में आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त अन्य सभी तिथियों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित केंद्र मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में ही यथावत संचालित होंगी।
इग्नू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र अथवा हॉल टिकट में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जाएगा। छात्र-छात्राएं अपने पूर्व जारी प्रवेश-पत्र/हॉल टिकट के आधार पर ही 17 एवं 24 जून को इंसान डिग्री कॉलेज, किशनगंज में परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए केंद्राधीक्षक डॉ. अश्विनी कुमार ने परीक्षार्थियों से निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचकर परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।
























