मध्यान्ह भोजन योजना में गड़बड़ी को लेकर प्रधानाध्यापक के खिलाफ नारेबाजी
समेली /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय दिरा चांदपुर में छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। मध्यान्ह भोजन योजना में कथित गड़बड़ी और विद्यालय की अव्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग की।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि मध्यान्ह भोजन योजना के तहत मिलने वाला अंडा और केला नियमित रूप से नहीं दिया जाता है। साथ ही विद्यालय परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। छात्रों ने शौचालय, चापाकल एवं रसोई व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई।
हंगामे की सूचना मिलते ही पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रधानाध्यापक से पूछताछ की तथा छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को समझा – बुझाकर मामले को शांत कराया। प्रखंड के बीडीओ सत्येंद्र सिंह ने घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में शिकायत सही पाये जाने पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।



























