डाक सेवाओं में कटौती से भड़के लोग, गलगलिया पोस्ट ऑफिस को फिर से पूर्ण शाखा बनाने की मांग

SHARE:

10 हजार खाताधारकों के साथ हो रहा अन्याय :राय

दिलशाद/गलगलिया

किशनगंज जिले के गलगलिया पोस्ट ऑफिस को मिनी शाखा में तब्दील करने एवं डाक सेवाओं के प्रभावित होने से नाराज सैकड़ो खाता धारकों ने गलगलिया मुख्य बाजार में शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया । खाता धारकों का कहना था कि वर्षों से संचालित हो रहे गलगलिया पोस्ट ऑफिस को कमजोर कर क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले गलगलिया पोस्ट ऑफिस के पिन कोड 855106 को बदलने का प्रयास किया गया था। हालांकि क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार अधिकारियों एवं विभागीय पदाधिकारियों को लिखित आवेदन देने के बाद पिन कोड को बरकरार रखा गया, लेकिन अब पोस्ट ऑफिस को ब्रांच की जगह मिनी पोस्ट ऑफिस में बदल दिया गया है। इससे क्षेत्र की डाक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुखिया गणेश राय ने कहा कि गलगलिया पोस्ट ऑफिस वर्षों पुराना है और यहां हजारों लोग विभिन्न डाक सेवाओं पर निर्भर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि गलगलिया में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के लगभग दस हजार खाताधारक हैं, लेकिन विभागीय कर्मियों द्वारा केवल दो हजार खातों की जानकारी दिखाकर ब्रांच पोस्ट ऑफिस को हटाकर मिनी पोस्ट ऑफिस स्थापित करवा दिया गया। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र होने के कारण यहां डाक सेवाओं का मजबूत रहना अत्यंत आवश्यक है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई