स्मैक तस्करों के लिए कोढ़ा पुलिस बनी काल
कटिहार – नशे के काले कारोबार के खिलाफ कोढ़ा पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। कोढ़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आधी रात को घेराबंदी कर नशे के तीन सौदागरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में स्मैक और मोटी नकदी बरामद हुई है। 13 मई की काली रात को जब सभी सो रही थी तब महिनाथपुर नहर के किनारे मौत का सामान स्मैक पहुँचाने की तैयारी थी।
कोढ़ा थानाध्यक्ष को जैसे ही इसकी भनक लगी। उन्होंने पुलिस टीम के साथ जाल बिछा दिया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की नाकाम कोशिश की। लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की जब तलाशी ली गई तो उनके पास से पुलिस ने नशे की बड़ी खेप 16.31 ग्राम स्मैक मादक पदार्थ, नकदी 16,040 रुपये तस्करी से कमाए गए पैसे बरामद की ।
पकड़े गए तीनों आरोपी मूसापुर के रहने वाले युवा हैं। जो कम उम्र में ही अपराध के दलदल में धंस चुके हैं । जिनमें उदेश कुमार उर्फ कुणाल (21) मुख्य सरगना, सुमित कुमार (20) तस्करी का अहम हिस्सा और अर्जुन कुमार (20 ) नशे के कारोबार का साथी शामिल है। कोढ़ा पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। फिलहाल पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के ‘बड़े आकाओं’ तक पहुँचा जा सके।






















