किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में बुधवार को कुपोषण मुक्त भारत अभियान के तहत आंगनबाड़ी सेविकाओं के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रावधानों के अंतर्गत यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए जागरूकता बढ़ाना तथा पोषण संबंधी सेवाओं को मजबूत करना है। कार्यक्रम में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंची आंगनबाड़ी सेविकाओं को पोषण किट उपलब्ध कराई गई। इस दौरान सेविकाओं को कुपोषण की पहचान, संतुलित आहार, बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
सीडीपीओ निशा कुमारी ने बताया कि सरकार द्वारा कुपोषण को समाप्त करने के लिए लगातार कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण अभियान की रीढ़ हैं और उनके माध्यम से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक पोषण संबंधी जागरूकता पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने सेविकाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने केंद्रों पर बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें तथा नियमित रूप से पोषण संबंधी गतिविधियां संचालित करें।
उन्होंने बताया कि यूनिसेफ एवं भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराई गई पोषण किट से आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की देखभाल और पोषण संबंधी कार्यों में काफी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सेविकाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मौके पर विभागीय कर्मी, महिला पर्यवेक्षिका एवं कई आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद थीं।
























