किशनगंज/सागर चंद्रा
प्राथमिक विद्यालय सिंधीमुनी, बैरबन्ना में फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है।
विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव बैरबन्ना निवासी सबेरा बेगम ने प्रधान शिक्षिका नाजरा प्रवीण पर जालसाजी कर विद्यालय खाते से 54,991 रुपये की निकासी करने का आरोप लगाते हुए सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया है। जबकि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) न्यायालय ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले से संबंधित रिपोर्ट मांगी है।
सबेरा बेगम ने आरोप लगाया है कि विद्यालय विकास कार्यों के लिए भारतीय स्टेट बैंक में विद्यालय शिक्षा समिति के खाते में लगभग 60,000 रुपये जमा थे। इस खाते से राशि की निकासी के लिए विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव और प्रधान शिक्षिका दोनों के संयुक्त हस्ताक्षर आवश्यक है।
लेकिन गत 21 फरवरी 2026 को प्रधान शिक्षिका नाजरा प्रवीण ने कथित तौर पर सचिव की जानकारी और सहमति के बिना फर्जी हस्ताक्षर कर 54,991 रुपये की निकासी कर ली। उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी है।

























