कटिहार – एग्रीस्टैक परियोजना के फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिले में मंगलवार से विशेष अभियान शुरु किया गया है। यह विशेष अभियान मिशन मोड में 30 मई तक चलेगा।अभियान के तहत छूटे हुए सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया जाएगा ताकि किसानों को उर्वरक एवं कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराया जा सके।
अभियान की शुरुआत करते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अनुमंडल पदाधिकारी,प्रखंड के नामित वरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी को अभियान के उद्देश्य साझा कर इसे सफल बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर माइक्रोप्लान बनाकर सभी छुटे हुए किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कर्मचारी लाॅगिन में फार्मर आइडी अनुमोदन के लंबित आवेदनों का दो दिनों में शत-प्रतिशत निष्पादन करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने अभियान से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इसे गंभीरता से लेने की बात कही है। जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिला प्रशासन काफी सख्त है।उन्होंने बताया कि जिला पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल प्रशासन को कृषि विभाग के साथ समन्वय बनाकर इसे ससमय पूरा कराने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि अभियान की सतत निगरानी एवं प्रभावी अनुपालन को लेकर प्रखंड के वरीय पदाधिकारी एवं कृषि विभाग के पदाधिकारी को नामित किया गया है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, ओएसडी अभिषेक किशोर, जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
























