सड़क हादसे में परिवार का इकलौता चिराग बुझा,पिकअप चालक फरार

SHARE:

कोढ़ा /कटिहार – थाना क्षेत्र के बांसगाढ़ा चौक के समीप सोमवार को शाम में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। एक अनियंत्रित पिकअप वाहन और बाइक की सीधी भिड़ंत में एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब सूरज पोद्दार (35) अपनी बाइक से फुलवरिया चौक की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान गेड़ाबाड़ी की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मानवता को शर्मसार करते हुए, आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान बांसगाढ़ा पंचायत निवासी सूरज पोद्दार उर्फ करका पोद्दार के रूप में हुई है। सूरज पेशे से मजदूर थे और अपने परिवार के एकमात्र आर्थिक आधार थे।

पीछे छोड़ गए रोता बिलखता परिवार: उनके निधन से उनकी पत्नी, दो पुत्रों और दो पुत्रियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का भविष्य संवार रहे थे, लेकिन एक लापरवाह चालक ने पूरे परिवार को अंधकार में धकेल दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार वाहन और चालक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई