किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल 12वीं वाहिनी किशनगंज के “ई” समवाय माफिटोला में शनिवार को सीमा सुरक्षा एवं आपसी समन्वय को लेकर संयुक्त पेट्रोलिंग तथा समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सशस्त्र सीमा बल के समवाय प्रभारी बलदेव सिंह (सहायक कमांडेंट) ने की।
इस दौरान सशस्त्र सीमा बल की ओर से बलदेव सिंह सहित छह जवान एवं नेपाल एपीएफ की ओर से उप निरीक्षक रमेश थापा सहित चार अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। बैठक में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा, सीमा स्तंभों की निगरानी एवं सीमा की शांति व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
बैठक में विशेष रूप से सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों जैसे मादक पदार्थों की तस्करी, नकली नोटों का कारोबार, शराब एवं हथियारों की तस्करी, मानव तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर रणनीति बनाई गई। अधिकारियों ने कहा कि इन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। इसके अलावा सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना साझा करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सीमा क्षेत्र में किसी प्रकार का अभियान या संचालन चलाए जाने की स्थिति में दोनों देशों के सुरक्षा बल आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करेंगे।संयुक्त बैठक के बाद दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्ती अभियान भी चलाया।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की नियमित समन्वय बैठक एवं संयुक्त पेट्रोलिंग से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।


























