कटिहार जंक्शन पर ‘जहरीला खीरा’ का खेल हुआ बेनकाब,आरपीएफ ने 9 महिला हॉकर को दबोचा

SHARE:

सड़े खीरे को केमिकल में डुबोकर बनाया जा रहा था हरा-ताजा

कटिहार – कटिहार रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने रेलवे स्टेशन पर महिलाओं द्वारा खुलेआम बेचे जा रहे प्लेटफार्म पर खीरे की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में एक महिला हॉकर सड़े-गले और पीले पड़ चुके खीरों को हरे रंग के केमिकल घोल में डुबोकर उन्हें ताजा और आकर्षक बनाते हुए दिखाई दे रही है।

वही कुछ ही सेकेंड में खराब खीरा गहरे हरे रंग में बदल जाता था और फिर उसे यात्रियों को “ताजा खीरा” बताकर बेचा जाता था। इस वीडियो के वायरल होते ही कटिहार स्टेशन और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। यात्रियों में दहशत का माहौल है और लोग अब स्टेशन पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर सतर्क हो गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के संदिग्ध रंग और केमिकल का सेवन लीवर, किडनी और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में खुलेआम ऐसा “धीमा जहर” बेचा जा रहा था।वही मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला हॉकर को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 07 मई 2026 को सोशल मीडिया पर शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कटिहार की विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच में यह पुष्टि हुई कि स्टेशन परिसर में खीरे को हरे खाद्य रंग में डुबोकर ताजा दिखाने के उद्देश्य से बेचा जा रहा था। इसके बाद 08 मई 2026 को आरपीएफ ने मामला दर्ज कर विशेष छापेमारी अभियान चलाया। जिसमें स्टेशन और रेल परिसर में खीरा कुल 9 महिलाओं को पकड़कर रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रही महिला की पहचान काढागोला निवासी फूलबती देवी (65) के रूप में हुई।

पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह और एक अन्य महिला खीरे को हरे रंग में डुबोकर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बेचती थीं। फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में रेलवे प्रशासन ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कटिहार स्टेशन पर अवैध हॉकरों और मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। यह घटना यात्रियों के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि स्टेशन पर खुले खाद्य पदार्थ खरीदने से पहले सतर्क रहें और संदिग्ध वस्तुओं से दूरी बनाएं।

रिपोर्ट:सत्येंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई