शिशु सभा गठन के माध्यम से विद्यार्थियों ने सीखा लोकतंत्र का पाठ

SHARE:

कटिहार – शहर के अरुण चौधरी सरस्वती शिशु मंदिर बरमसिया में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए शिशु सभा का भव्य गठन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी वर्गों के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निकट से समझने एवं निभाने का कार्य किया। इस अवसर पर प्रत्येक कक्षा से कैबिनेट का गठन किया गया तथा प्रधानमंत्री, मंत्रिमंडल एवं विभिन्न पदों का चयन लोकतांत्रिक पद्धति से संपन्न कराया गया।

कई पदों पर सहमति के आधार पर चयन हुआ। वहीं कुछ पदों के लिए मतदान प्रक्रिया भी आयोजित की गई। सचिव अमित गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता ने बताया कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाल्यकाल से ही विद्यार्थियों तक पहुँचाने एवं उनमें नेतृत्व क्षमता,अनुशासन तथा उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने हेतु विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान⁠ एवं लोक शिक्षा समिति के मार्गदर्शन में इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में शिशु भारती प्रमुख प्रिया दीदी सहित सभी आचार्य एवं दीदी जी ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। संपूर्ण कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित रंजन भारद्वाज की उपस्थिति एव देखरेख में संपन्न हुआ। मतदान व्यवस्था की जिम्मेदारी अर्चना दीदी को सौंपी गई थी। जिन्होंने निष्पक्ष एवं व्यवस्थित चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।चुनाव प्रक्रिया में नर्सरी वर्ग से अर्शित कुमार एवं सृष्टि कुमारी,एलकेजी से काव्या कुमारी एवं अभिराज कुमार, कक्षा एक से एंजेल अक्षत, युकेजी से पल्लवी कुमारी एवं जगत जननी तथा कक्षा चार से हर्षित कुमार सहित अनेक भैया-बहनों ने नामांकन एवं सहभागिता कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाया।

वहीं नमन को सेनापति पद के लिए चुना गया। विद्यालय में गठित यह शिशु सभा, कैबिनेट एवं मंत्रिमंडल लगभग एक वर्ष तक विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं संगठन क्षमता को व्यवहारिक रूप से सीखने का कार्य करेंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई