बंगाल के मदरसे से लापता छात्र का शव बरामद, परिजनों के चित्कार से गूंजा गांव

SHARE:

ठाकुरगंज/किशनगंज/मो मुर्तुजा

पौआखाली थाना क्षेत्र के बरचोंदी पंचायत अंतर्गत गोलाबस्ती वार्ड संख्या-8 निवासी 14 वर्षीय छात्र हाफिज मुशनिफ रेजा का शव पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में तिस्ता कैनाल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शव गांव पहुंचते ही परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


मिली जानकारी के अनुसार मृतक हाफिज मुशनिफ रेजा, रफीक आलम का पुत्र था और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिला अंतर्गत फांसीदेवा थाना क्षेत्र स्थित मदरसा अशरिफीया इस्लाहुल मुस्लिमीन, तुफानडांगी चतरहाट में हाफिज की पढ़ाई कर रहा था।


परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया कि बीते 5 मई की दोपहर करीब 2 बजे मुशनिफ मदरसे से अपने गांव गोलाबस्ती बरचोंदी लौटने के लिए निकला था। इसी दौरान मदरसे से करीब तीन किलोमीटर दूर तिस्ता कैनाल किनारे उसका गमछा, चश्मा, मोबाइल फोन तथा कुर्ता-पायजामा रखा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।


इसके बाद मृतक की मां शफाकत जहां ने फांसीदेवा थाना में आवेदन देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम के साथ तिस्ता कैनाल में नाव के जरिए लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन दो दिनों तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी।


गुरुवार अहले सुबह घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर हफ्तियागच्छ के समीप तिस्ता कैनाल में एक शव तैरता हुआ देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान हाफिज मुशनिफ रेजा के रूप में की गई।


परिजनों ने बताया कि मुशनिफ बीते 2 मई को ही घर से मदरसे के लिए निकला था। वह पढ़ाई में काफी तेज था और हाफिज बनने की तैयारी कर रहा था। शव बरामद होने के बाद फांसीदेवा थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत पानी में डूबने से हुई या फिर हत्या कर शव को कैनाल में फेंका गया।


ग्रामीणों के अनुसार मुशनिफ तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।मामले को लेकर वार्ड सदस्य इंतेखाब आलम, मुखिया प्रतिनिधि बिरेंद्र सिंह, पूर्व प्रमुख रजिया सुल्ताना, पैक्स चेयरमैन इंतजार आलम, मृतक के नाना जमशेद आलम, दौलत मोहशिन समेत अन्य ग्रामीणों ने पश्चिम बंगाल पुलिस से निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई