संवाददाता/किशनगंज
डॉ दिलीप कुमार जायसवाल के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर किशनगंज के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया, जहां भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, लोजपा (रामविलास) पार्टी तथा एनडीए गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के नेताओं को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को भी बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन द्वारा पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
डॉ. जायसवाल के शपथ ग्रहण को लेकर किशनगंज सहित सीमांचल के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता बुधवार की रात से ही बड़ी संख्या में पटना के लिए रवाना होने लगे थे।
गुरुवार सुबह से ही गांधी मैदान के आसपास भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे, डॉ. दिलीप जायसवाल की तस्वीर लगी तख्तियां और बैनर लिए हुए समारोह स्थल पर पहुंचे थे।
समारोह के दौरान “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद”, “डॉ. दिलीप जायसवाल जिंदाबाद”, “भारत माता की जय” तथा “एनडीए जिंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। कई कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में भी पहुंचे थे, जिससे समारोह का माहौल और भी रंगीन दिखाई दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल लंबे समय से संगठन और सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। इससे पहले वे बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री और उद्योग मंत्री जैसे अहम विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। उनके कार्यकाल में कई विकास योजनाओं को गति मिली थी, जिसका लाभ राज्य के विभिन्न जिलों को मिला। नेताओं ने विश्वास जताया कि इस बार भी उन्हें जो भी विभाग मिलेगा, वे पूरी ईमानदारी और दक्षता के साथ उसका निर्वहन करेंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. जायसवाल के मंत्रिमंडल में शामिल होने से सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार समेत सीमांचल के जिलों में सड़क, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई योजनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. जायसवाल हमेशा सीमांचल की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। कई स्थानों पर पटाखे फोड़े गए और जश्न का माहौल देखा गया। किशनगंज भाजपा कार्यालय सहित विभिन्न इलाकों में भी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा आने वाले समय में राज्य में विकास की रफ्तार और तेज होगी।इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशांत गोप,संजय उपाध्याय,बिजली सिंह,कौशल यादव,कौशल झा,कौशल आनंद,अरविंद मंडल,मनीष सिन्हा,संजय पासवान सहित दर्जनों लोगों ने उन्हें बधाई दी है।



























