मनिहारी /कटिहार – बुधवार को मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नदी मार्ग में सुरक्षित नाव परिचालन को लेकर निर्धारित मानकों के कड़ाई से पालन और सतत निगरानी के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मनिहारी गंगाघाट से लालबथानी एवं अन्य घाटों की ओर जाने वाली नावों पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षमता से अधिक यात्री या भार लेकर नाव संचालन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अनिबंधित नावों के परिचालन पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीएम श्री सिंह ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण सीमांचल क्षेत्र के लोगों की निर्भरता नदी मार्ग पर बढ़ गई है।
मनिहारी से साहिबगंज झारखंड जाने का यह मार्ग ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है, ऐसे में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाव परिचालन पर लगातार निगरानी रखी जाए और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार, अंचलाधिकारी मो. इस्माईल, पुलिस निरीक्षक पप्पू कुमार, थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



























