निसार अहमद/बहादुरगंज
बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 और 10 में स्थित मुख्य सड़क, जो एलआरपी, सतल मजार और बहादुरगंज बाजार को जोड़ती है, इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल भरा हो गया है।
इस सड़क से होकर कृष्ण मंदिर और मस्जिद जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर जलजमाव की समस्या इतनी गंभीर है कि पास में स्थित स्कूल के बच्चों को भी रोजाना इसी पानी से होकर आना-जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर बहादुरगंज नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। न ही किसी योजना या निधि से इस सड़क की मरम्मत की दिशा में पहल की गई है।
क्षेत्र के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान सिर्फ नाम का रह गया है।
स्थानीय बुद्धिजीवी एवं ग्रामीणों—बलदेव प्रसाद, तरुण कुमार, श्याम कुमार, रवि कुमार, नीतीश कुमार, जीवन बाशा सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर परेशानी से राहत मिल सके।


























