अमदाबाद/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में सोमवार की शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर कच्चे मकान, टीन और फूस की झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कुछ परिवारों का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया। प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
प्रखंड मुख्यालय स्थित आरटीपीएस कार्यालय के सामने वर्षों पुराना लगभग 30 से 35 फीट ऊंचा अशोक का पेड़ तेज हवा के कारण गिर गया। पेड़ के 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर गिरने से पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। पेड़ गिरने से आरटीपीएस कार्यालय के सामने बना छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गया।लगभग 22 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली नहीं रहने के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ प्रखंड कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा। मरम्मत कार्य मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चला। जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी।कनीय अभियंता कौशल कुमार ने बताया कि प्रखंड के दर्जनों स्थानों पर आंधी-तूफान से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थी। मंगलवार सुबह से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया,जिसे पूरा करने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
वहीं फॉरेस्टर अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के सूचना पर गिरे हुए पेड़ को कटवाकर रास्ता साफ कराया गया और लकड़ियों को मुख्यालय परिसर में सुरक्षित रख दिया गया।आंधी-बारिश से जहां कई लोगों का आशियाना उजड़ गया, वहीं लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से पूरे प्रखंड क्षेत्र में जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा।


























