इलाज के बहाने जमीन हड़पने का आरोप,न्याय की गुहार

SHARE:

जान से मारने की धमकी देकर कराया जबरन रजिस्ट्रेशन

कटिहार – जिले के कोढ़ा से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहाँ एक दबंग मुखिया पति पर एक गरीब आदिवासी परिवार को झांसे में रखकर उनकी पुश्तैनी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला रौतारा थाना क्षेत्र के ग्राम बहरखाल निवासी लखी राम हाँसदा के साथ हुई है । बताया कि उन्होंने अपना दो कट्ठा जमीन 5 लाख रुपये में बेची थी। गाँव के मुखिया प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह ने यह कहकर पूरे पैसे अपने पास रख लिया कि पीड़ित का घर फूस का टाटी है और वहाँ पैसे चोरी हो सकते हैं।

मुखिया पति ने भरोसा दिलाया था कि वह यह पैसे पीड़ित और उसकी पत्नी के बैंक खाते में जमा करवा देगा। पीड़ित के अनुसार जब उसने अपने इलाज के लिए पैसों की मांग की तो मुखिया पति उसे और उसकी पत्नी को बेहतर इलाज दिलाने के बहाने अपनी कार से पूर्णिया ले गया। पूर्णिया में एक डॉक्टर के पास ले जाकर उनसे 6 पन्नों के कोरे कागजात पर अंगूठे का निशान ले लिया गया। इसके बाद 27 अप्रैल 2026 को फिर से जाँच के बहाने पीड़ित को कटिहार निबंधन कार्यालय लाया गया।

वहाँ मुखिया पति और उसके सहयोगियों ने लखी राम हाँसदा को डराया-धमकाया कि अगर उसने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की तो उसकी पत्नी की हत्या कर दी जाएगी और उसे सड़क पर गाड़ी से कुचल दिया जाएगा। डर के मारे पीड़ित ने अपनी गुजर-बसर का एकमात्र जरिया अपनी जमीन की रजिस्ट्री कर दी। आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद लौटते वक्त कार में पीड़ित के साथ मारपीट भी की गई और किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।रोते -बिलखते पीड़ित परिवार ने समाज के लोगों की मदद से जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन दिया है।

पीड़ित लखी राम हाँसदा ने मांग की है कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। धोखे से लिखवाई गई जमीन की रजिस्ट्री रद्द की जाए। हम गरीब आदिवासी हैं, हमारे पास रहने को सिर्फ फूस का घर है। हमारी जमीन ही हमारा सहारा थी, जिसे दबंगों ने धोखे और डर के बल पर छीन लिया।” वहीं इस संदर्भ में मुखिया प्रतिनिधि विजय कुमार ने बताया कि उनपर लगाए गए आरोप बिल्कुल निराधार है।उन्होंने पैसे देकर जमीन रजिस्ट्री कराई है। पैसे दिए जाने का उनके पास प्रमाण भी है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई