कांग्रेस जिलाध्यक्ष के निधन पर शोकसभा आयोजित
कटिहार – भागलपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद पूरे कांग्रेस संगठन में शोक की लहर है। इसी क्रम में कटिहार में सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव के आवासीय कार्यालय परिसर में उनके नेतृत्व में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा का असमय निधन पार्टी और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि प्रवीण कुशवाहा एक जमीनी, संघर्षशील और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे।
संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनता के बीच उनकी सादगीपूर्ण छवि हमेशा सभी को प्रेरित करती रहेगी। वहीं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
उनका जाना पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा। कांग्रेस नेता डॉ. विपीन ने कहा कि दिवंगत नेता का जीवन संघर्ष और सेवा का प्रतीक था। उन्होंने हमेशा संगठन को मजबूत करने का कार्य किया और कार्यकर्ताओं के बीच एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रहलाद गुप्ता एवं मो. रियाज ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रवीण सिंह कुशवाहा का योगदान पार्टी के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
उनके निधन से जो खालीपन आया है, उसे भर पाना संभव नहीं है। शोकसभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर दिलीप विश्वास, प्रहलाद गुप्ता,डॉ. विपिन सिंह,निरंजन पोद्दार, अरुण यादव,संतोष यादव, मोहम्मद रियाज,मोहम्मद असलम,मोहम्मद एजाज,राजीव चौकी,राहुल रजक,अखिलेश पोद्दार,मोहम्मद जुबेर,गोपाल यादव,सुबोध यादव,जगत प्रसाद सिंह,रंजीत ठाकुर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे ।




























