अररिया:मकई के खेत में महिला की गला रेतकर हत्या,जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

संवाददाता:अरुण कुमार

अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा गांव के वार्ड संख्या 12 में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई। मकई के खेत में घास काटने गई 25 वर्षीय महिला हिना परवीन की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


मृतका हिना परवीन गांव निवासी असलम की दूसरी पत्नी थी। परिजनों के अनुसार, हिना सुबह करीब 11 बजे अपनी सौतन के साथ खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान उसके दो वर्षीय बेटे के रोने की सूचना मिलने पर वह घर लौटी, बच्चे को दूध पिलाया और फिर दोबारा खेत चली गई। बताया जाता है कि हिना के खेत लौटने के कुछ ही देर बाद उसकी सौतन घर वापस आ गई।


करीब एक घंटे तक हिना के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। खेत में पहुंचे लोगों ने हिना का गला रेता हुआ शव देखा, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।


घटना की सूचना मिलते ही आरएस थाना प्रभारी अंकुर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार तथा एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन जारी है।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!