किशनगंज /ठाकुरगंज /प्रदीप शर्मा
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज निवासी एक युवक का शव उत्तर प्रदेश के बरेली में रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मौलाना तौसीफ़ रजा मजहरी के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव पैतृक गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, ठाकुरगंज प्रखंड के बाखोटोली गांव निवासी अबुल हुसैन के पुत्र तौसीफ़ रजा मजहरी का शव बरेली रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर ट्रैक के किनारे बरामद किया गया। घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है। युवक उत्तर प्रदेश में एक मदरसे में कार्यरत था और बरेली शरीफ में आयोजित उर्स में शामिल होने गया था। लौटने के दौरान ही उसके साथ यह हादसा हुआ।
परिजनों ने इस मामले को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उनका कहना है कि तौसीफ़ रजा को ट्रेन से गिराकर हत्या की गई है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर, उत्तर प्रदेश पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव में शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
ट्रेन में मारपीट का आरोप, विधायक ने उठाए सवाल
घटना को लेकर ठाकुरगंज के जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रात तौसीफ़ रजा ने फोन कर बताया था कि ट्रेन में कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद अगली सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
विधायक ने इस घटना को गंभीर बताते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और रेल थाना से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।



























