ठाकुरगंज में पोक्सो मामलों के फरार आरोपियों पर शिकंजा, एक के घर कुर्की-जब्ती, दूसरे पर चस्पा हुआ इश्तहार

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ ठाकुरगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे कुर्की-जब्ती महाअभियान के तहत पुलिस ने पोक्सो एक्ट के दो फरार आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर कुर्की-जब्ती की, जबकि दूसरे आरोपी के घर इश्तहार चस्पा कर जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।

यह कार्रवाई एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में तथा थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी की मौजूदगी में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में फरार आरोपियों के खिलाफ यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

एसडीपीओ टू ने जानकारी देते हुए बताया कि पोक्सो विशेष न्यायालय, किशनगंज के वाद संख्या 20/18 तथा सीआईसी 09/2017 में नामजद आरोपी एतवार बेसरा, निवासी ग्राम गुआबाड़ी, लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय के निर्देश पर पहले उसके घर इश्तहार तामिला कराया गया था, ताकि वह निर्धारित अवधि में न्यायालय में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण कर सके।

इसके बावजूद आरोपी के हाजिर नहीं होने पर न्यायालय ने धारा 83 के तहत कुर्की-जब्ती वारंट जारी किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर विधिवत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी की।

वहीं, ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 148/21 तथा पोक्सो कांड संख्या 1/22 में फरार आरोपी राजन महतो, निवासी ग्राम धनखरैया, जिला मोतिहारी, के घर भी पुलिस ने धारा 82 के तहत इश्तहार तामिला कराया है। पुलिस टीम मोतिहारी पहुंची और न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए आरोपी को जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।

एसडीपीओ टू मंगलेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय से कुर्की-जब्ती वारंट प्राप्त कर उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में फरार अभियुक्तों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कुल भूषण सिंह

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई