कटिहार – कटिहार जिला 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य समिति कटिहार के अध्यक्ष सह जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से मिलकर 102 एम्बुलेंस के चालक एवं ईएमटी कर्मचारियों के विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र दिया था।
श्री सिंह ने बताया कि जैन प्लस एजेंसी के द्वारा कर्मचारियों को लगभग चार माह से वेतन नहीं मिला है। कर्मचारियों को भविष्य निधि, कर्मचारी राज बीमा निगम, श्रम संसाधन विभाग के द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी, दुर्घटना बीमा, नियुक्ति पत्र,एजेंसी के पदाधिकारी के द्वारा कर्मचारियों के साथ हिटलरशाही रवैया अपनाने बेवजह अवैध राशि वसूलने सहित दर्जनों मांगों को लेकर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन देकर कार्यवाई की मांग किया था।
जिला पदाधिकारी ने सभी बातों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए श्रम अधीक्षक पीटर मिंज को जांच करने का आदेश दिया। जिला पदाधिकारी के निर्देश के साथ ही श्रम अधीक्षक पीटर मिंज सदर अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य समिति कटिहार के सचिव सह सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह, जैन प्लस एजेंसी के सीएल कुंवर सिंह, पवन कुमार सहित वरीय पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर अविलंब कर्मचारियों के बकाया लगभग चार माह का वेतन, श्रम अधिनियम को शत प्रतिशत लागू करने सहित अन्य सभी मांगों को पूरा करने का निर्देश दिये।
श्रम अधीक्षक ने कहा कि अगर जल्द कर्मचारियों की सभी मांगे पूरी नहीं हुई तो ह बड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल के प्रांगण में लगभग डेढ़ दर्जन चालक एवं ईएमटी कर्मचारियों से बारी-बारी से बयान लिया।
मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर श्रम अधीक्षक के सदर अस्पताल प्रांगण पहुंच कर सभी समस्याओं से अवगत होने एवं कार्रवाई के भरोसे से संघ में एक उम्मीद की किरण जगी है। मुख्य संरक्षण विकास सिंह ने बताया कि निश्चित रूप से इस पहल से एक सप्ताह के अंदर कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान सहित अन्य मांगों को पूरा करने की होगी l इस अवसर पर दर्जनों चालक एवं ईएमटी कर्मचारी उपस्थित रहे।
























