मामूली बहस ने लिया हिंसक रूप
आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर उतारा मौत की घाट
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड के सुधानी थाना क्षेत्र के रहमानपुर गांव में रविवार की देर शाम एक मामूली साइकिल टक्कर ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस दर्दनाक घटना में पहले किशोर खुशनवाज़ (15) की मौत हो गयी। जिसके बाद उग्र भीड़ ने आरोपी साजिद उर्फ सुकरूदीन को पकड़कर बेरहमी से पीट – पीटकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार रहमानपुर निवासी खुशनवाज़ साइकिल से कब्रिस्तान जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी साइकिल साजिद उर्फ सुकरूदीन के बच्चे से टकरा गई। इस मामूली बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान साजिद ने खुशनवाज़ के साथ मारपीट की। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया।परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। जिससे परिजनों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी साजिद उर्फ सुकरूदीन को पकड़ लिया और उसे बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। भीड़ की बर्बर पिटाई से साजिद की भी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार एवं सुधानी थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। वहीं गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा कानून को हाथ में न लेने की चेतावनी दी है। वही मृतक के परिजन के घर में लोगों का ताता लगा हुआ है।
























