किशनगंज:मॉडल स्कूलों में शिक्षकों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित

SHARE:

बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत ‘उन्नत शिक्षा–भविष्य एजेंडा’ के तहत राज्य के सभी 534 प्रखंडों में एक-एक मॉडल विद्यालय की स्थापना की जा रही है। इन विद्यालयों का उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचार आधारित शिक्षा प्रदान करते हुए शैक्षणिक उत्कृष्टता का मानक स्थापित करना है। साथ ही, ये विद्यालय अपने क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं संसाधन केंद्र के रूप में भी विकसित किए जा रहे हैं। इस दिशा में योग्य, दक्ष एवं नवाचार के प्रति प्रतिबद्ध शिक्षकों के चयन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

इसी क्रम में मॉडल स्कूलों में शिक्षकों के चयन हेतु E-Shikshakosh के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें कुल 137 शिक्षकों ने आवेदन किया। उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार झा की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय चयन समिति द्वारा साक्षात्कार आयोजित किया गया।

साक्षात्कार प्रक्रिया के तहत दिनांक 22.04.2026 को 41 शिक्षकों तथा दिनांक 27.04.2026 को 50 शिक्षकों ने भाग लिया। चयन हेतु अभ्यर्थियों का मूल्यांकन उनके मेरिट, शिक्षण अनुभव, प्रदर्शन एवं साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जा रहा है। इन सभी मानकों के समेकित आकलन के पश्चात अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि किशनगंज जिले में कुल 07 मॉडल स्कूल संचालित किया जाएगा। इन विद्यालयों में किसी प्रकार की नई बहाली नहीं की गई है, बल्कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों के मध्य से ही चयन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई