राज कुमार/किशनगंज/पोठिया:
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के शीतलपुर मोड़ पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद सड़क जाम और आगजनी के दौरान कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और हिंसक प्रदर्शन के मामले में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 84/26 दिनांक 24 अप्रैल 2026 के तहत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामला भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं और एससी एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई साफ संकेत है कि हिंसा और कानून तोड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों में साबीर, 35 वर्ष, पिता रहीमुदीन, साकिल, 28 वर्ष, पिता जाहिद, दोनों निवासी कदमगाछी, फैयाज, 22 वर्ष, पिता उमर अली, मो. जाहिद, 22 वर्ष, पिता रोबिन उर्फ रबीउल, गुलाम नवी, पिता गफूर, दोनों निवासी ग्रहण खोदा, और जकी अनवर, 40 वर्ष, पिता साहेब अख्तर, निवासी शीतलपुर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इन सभी ने सड़क जाम के दौरान न सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार और हिंसक व्यवहार भी किया।
घटना के बाद देर रात पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार छत्तर गाच्छ कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और भारी पुलिस बल के साथ लगातार छापेमारी कर आरोपियों को अलग अलग ठिकानों से दबोचा गया।
थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार कैंप प्रभारी राम बहादुर शर्मा ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी हाल में अशांति फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना के बाद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें। हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।




























