अररिया/अरुण कुमार
जिले में शनिवार शाम अपराधियों का दुस्साहस देखने को मिला, जहां बाइक लूटने में असफल होने पर बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घटना अररिया शहर के एबीसी नहर मार्ग पर गोढ़ी चौक से करीब 500 मीटर दूर की है।
मिली जानकारी के अनुसार, केटीएम बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने युवक रुस्तम को नहर के पास रोककर उसकी बाइक लूटने की कोशिश की। जब युवक ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी देते हुए घायल के साथी अल्ताफ ने बताया कि वे पूर्णिया जिले के बायसी रौटा क्षेत्र से भारत माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं।
शनिवार होने के कारण चारों साथी अलग-अलग बाइक से अपने घर लौट रहे थे। गोढ़ी चौक पर चाय पीने के बाद रुस्तम अकेले नहर वाले रास्ते से आगे बढ़े, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
गोली लगने के बाद रुस्तम की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत अररिया आरएस थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि घायल रुस्तम फारबिसगंज के चौरा परवाहा वार्ड संख्या 13 निवासी जमीरउद्दीन का पुत्र है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार तीनों बदमाशों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। साथ ही केटीएम बाइक और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।




























