किशनगंज:नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप, कारवाई की मांग

SHARE:

रणविजय/पौआखाली

पौआखाली नगर पंचायत में पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क के किनारे बुडको के द्वारा लाखों की राशि से निर्माण हो रहे नाला कार्य में उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि अबू नसर आलम ने एकबार फिर से संवेदक के द्वारा अनियमितता बरते जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से सम्पूर्ण नाले की जांच की मांग की है।

अबू नसर आलम ने निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचकर मानक के विरुद्ध हो रहे कार्य पर काफी नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद ठिकेदार को काम बंद रखने को कहा है। उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जबतक विभागीय अभियंता साइट का निरीक्षण कर जांच पड़ताल नही करते तबतक निर्माण कार्य बंद रखा जाए।

अबू नसर आलम ने आरोप लगाया है कि नाले की खुदाई पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ से सटाकर किया जा रहा है जबकि नाले की मापी मुख्य सड़क से हटकर की गई थी। यही नहीं नाले के फर्श में ईंट सोलिंग नही कर सीधे ढलाई कर दिया जा रहा है। पुराने नाले को खोदकर उसके लोहे को बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में भी फर्स्ट फेज के नाला निर्माण में इसी प्रकार की धांधली पर आवाज उठाई गई थी तब अभियंताओं की टीम ने साइट का दौरा कर मानक के अनुरूप कार्य करने की हिदायत ठेकेदार को दी थी।

लेकिन पुनः अनियमितता जारी है। अबु नसर आलम ने कहा कि सड़क पर यातायात का दवाब काफी है बावजूद दिन में भारी मशीनों से नाले की खुदाई करने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है जहां सावधानी सूचक बोर्ड भी नही लगाया गया है। कुल मिलाकर उन्होंने इसे संवेदक और विभागीय अभियंताओं की मिलीभगत बताया है। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत जल्द ही उच्च पदाधिकारियों से करने की बात कही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई