कोचाधामन में विवाहिता की मौत,परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

किशनगंज जिले के कोचाधामन थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है । परिजनों ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान जीनत जबी के रूप में हुई है, जिसकी शादी दो साल पहले कोचाधामन थाना क्षेत्र के कलकली निवासी दानिश आलम से हुई थी। मृतका की मां सहनाज बेगम और पिता जियाउर रहमान बूढ़ीमारी गांव के निवासी हैं।

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार,शादी के समय दानिश आलम उनकी मां अनीसा बेगम, भाई रब्बानी, बहन सहनसबी और जीजा मनवर पर मोटरसाइकिल के लिए एक लाख रुपये, डेढ़ भर सोना, 26 भर चांदी के जेवर और फर्नीचर सहित कुल पांच लाख रुपये का दहेज लेने का आरोप है।

परिजनों के अनुसार, शादी के दो-चार महीने बाद ही ससुराल वाले जीनत पर मायके से पांच लाख रुपये और लाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसे खाना-पीना भी नहीं दिया जाता था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायती भी हुई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

बीते 10 अप्रैल 2026 को सभी नामजद ससुराल वालों ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये की मांग को लेकर जीनत को डंडे, लाठी और जूतों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह अधमरी हो गई। उसके मुंह और नाक से खून बहने लगा।

सूचना मिलने पर जीनत के माता-पिता उसे चूरीपट्टी स्थित साफी नर्सिंग होम ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सहनाज बेगम ने कोचाधामन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई