किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के देवरी खास से रहमतपुर जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। वर्ष 2017 में आई विनाशकारी बाढ़ ने सुहिया शिव मंदिर चौक के समीप इस सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
सड़क के बीचो-बीच लगभग 80 मीटर का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया, लेकिन इतने वर्षों बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वर्ष 2025 में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे जिला पदाधिकारी ने भी इस स्थान का निरीक्षण किया था। उन्होंने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं दिखी है। नतीजतन, स्थानीय लोगों को आज भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के दिनों में यह इलाका पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। खासकर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ता है। ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए लंबा और कठिन रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है।
स्थानीय निवासी दिनेश प्रसाद सिंह, मदन मोहन सिंह, भोला साह, शिवानंद मंडल, नंदकुमार, रामनाथ सिंह, राहुल कुमार सिंह एवं पूर्व सरपंच दीपलाल मांझी सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने जिला पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग से अपील की है कि ध्वस्त स्थल पर शीघ्र आरसीसी पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से झेल रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



























