किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलहानिया पंचायत के सूहिया गांव में शराब के नशे में उत्पात मचाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूहिया गांव में दो युवक शराब के नशे में धुत होकर हंगामा कर रहे थे, जिससे आसपास के लोगों में भय और असुविधा का माहौल उत्पन्न हो गया। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम के निर्देश पर सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर टेढ़ागाछ थाना लाया गया, जहां उनकी विधिवत मेडिकल जांच कराई गई। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना अध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि क्षेत्र में शराब पीकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




























