कड़ी सुरक्षा के बीच फारबिसगंज में भव्य रामनवमी रथयात्रा, गणवेश में हजारों महिला श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक भागीदारी

SHARE:

अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट

अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को श्री रामनवमी के अवसर पर भव्य रथयात्रा सह शोभायात्रा जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। यह रथयात्रा शहर के राजेंद्र चौक स्थित पूजन स्थल से प्रारंभ होकर छुवापट्टी, दीनदयाल चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर रोड, स्टेशन चौक, पटेल चौक, महिला कॉलेज मोड़, राममनोहर लोहिया पथ, अस्पताल रोड, सुभाष चौक, मार्केटिंग यार्ड होते हुए पुनः पोस्ट ऑफिस चौक, दीनदयाल चौक से गुजरते हुए राजेंद्र चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

रथयात्रा का यह 11वां वर्ष था, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में गणवेश और पगड़ी पहने महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को और भी भव्य बना दिया। रामभक्त युवतियों की अनुशासित भागीदारी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
बैंड-बाजों और ढाक की थाप पर निकले इस जुलूस में आदिवासी नृत्य और दर्जनों आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। पूरा शहर “जय श्री राम” के नारों से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।


रथयात्रा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की करीब 30 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। श्रद्धालुओं द्वारा रस्सी से रथ को खींचते हुए पूरे शहर में भ्रमण कराया गया। जिस मार्ग से यह रथयात्रा गुजरी, वहां छतों से श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्री राम का स्वागत किया।
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल एवं सीमावर्ती सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। जुलूस मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी गई और सुरक्षा के हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया।


इसके अलावा, प्रशासन द्वारा जुलूस मार्ग को छोड़कर अन्य सड़कों पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग कर दी गई थी तथा आम लोगों के लिए वैकल्पिक यातायात मार्ग निर्धारित किए गए थे। गली-मोहल्लों की सड़कों को भी अस्थायी रूप से बंद किया गया, ताकि जुलूस में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।


नगर परिषद की ओर से भी विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की गई। जुलूस मार्ग की पहले से सफाई कराई गई तथा सड़कों के दोनों ओर ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव किया गया, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई