अपराधी तूफानी यादव के विरुद्ध तीन थानों में 12 कांड दर्ज
अपराधी के दहशत को खत्म करने को लेकर पुलिस ने अपराधी को पैदल घुमाया
बरारी /कटिहार – बरारी पुलिस की ओर से दियारा क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जारी है। इसी कड़ी में जिले के बरारी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी और कई गंभीर मामलों में वांछित अपराधी तूफानी यादव को एक देसी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भैंसदीरा में कुख्यात अपराधी तूफानी यादव अवैध हथियार के साथ छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद तुरंत पुलिस टीम का गठन किया गया और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा।
लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी तूफानी यादव ने अपने घर भैंसदीरा में एक विवाद के दौरान करीब 50 राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।
उसकी इसी दहशत को खत्म करने और आम लोगों में विश्वास बहाल करने के लिए पुलिस ने एक अनोखी पहल की। जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी को झिटकिया चौक से लेकर बड़ी भैंसदीरा तक पैदल घुमाया गया।
ताकि लोगों के मन से उसका डर खत्म हो और पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हो सके। थानाध्यक्ष ने बताया कि तूफानी यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है।
उसके खिलाफ चोरी, डकैती, छिनतई, मारपीट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। बरारी थाना, सेमापुर ओपी और पीरपैंती थाना में उसके खिलाफ कुल 12 मामले दर्ज हैं। कटिहार पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के बीच संदेश गया है कि कानून से बच पाना अब आसान नहीं है।




























