संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में नगर परिषद लगातार प्रयासरत है। डे मार्केट से लेकर गांधी चौक तक सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर निर्माण के बाद अब उस पर रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पूरे इलाके की खूबसूरती और बढ़ गई है। शाम ढलते ही यह मार्ग जगमगा उठता है और लोगों को काफी आकर्षित कर रहा है।
नगर परिषद की इस पहल से न केवल शहर का सौंदर्यीकरण हुआ है, बल्कि मुख्य सड़क की पहचान भी और अधिक बेहतर हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की सजावटी रोशनी से शहर को एक नया और आधुनिक स्वरूप मिला है।
नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने शहरवासियों से किशनगंज को क्लीन और ग्रीन बनाने का जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है,उन्होंने नगर वासियों का आभार जताते हुए कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद प्रतिबद्ध है और आगे भी कई योजनाओं पर काम जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि पैदल चलने वाले राहगीरों को परेशानी नहीं हो उसके लिए पेवर ब्लॉक लगाया जाएगा




























