किशनगंज/पोठिया/राज कुमार
पोठिया प्रखंड के बुधरा पंचायत स्थित प्लस टू प्रोजेक्ट आजाद उच्च विद्यालय, पोठिया परिसर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम पोठिया मंडल अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा से अवगत कराना तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए उन्हें तैयार करना था।
प्रशिक्षण शिविर में मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख संजय उपाध्याय, भाजपा जिला महामंत्री कौशल झा तथा जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांत भाजपा के लिए मार्गदर्शक हैं और पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
जिला बीस सूत्री सदस्य सह पूर्व जिला पार्षद संजय उपाध्याय ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने की अपील की। कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की रणनीति, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन तथा आने वाली राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार और सुझाव रखे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
मौके पर अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री कौशल किशोर यादव, जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुशील कुमार, तेनु सिंह, मंडल उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, रवि सिंह, विष्णु सिंह, चंद्रदेव दास, अजय यादव, मुखिया सिराजुद्दीन सहित पोठिया मंडल के सभी शक्ति केंद्र प्रमुख मौजूद रहे। महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुजाता देवी और शोभा रानी की भी कार्यक्रम में भागीदारी रही।



























