अमदाबाद/कटिहार – प्रखंड के घेरा गांव के समीप मेसर्स गोल्डेन कम्पनी की ओर से उच्चस्तरीय आरसीसी पुल निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर चले जाने पर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है एवं घंटों तक ग्रामीणों ने बवाल काटा। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अभियंता, एसडीओ एवं जेई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दूरभाष पर संपर्क करने पर पता चला कि पुल निर्माण कार्य में बिजली विभाग का पोल आड़े आ रहा था। विभाग को कई बार पत्र लिखने के बाद पोल तो दूसरी तरफ लगा दिया गया। लेकिन जमीन मालिक द्वारा तार नहीं लगाने देने के कारण कंपनी ने काम बीच में ही छोड़ दिया। आजादी के बाद से लेकर आज तक अमदाबाद-छोटा रघुनाथपुर पार दियारा मुख्य सड़क पर साल में लगभग आठ माह तक कीचड़ एवं बाढ़ का पानी झेलकर ग्रामीण आवागमन करते हैं।
उक्त कंपनी का कार्य 09 सितंबर 2024 को प्रारंभ हुआ था और 08 सितंबर 2025 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य था। जिसमें अब तक केवल चार से पांच पाइलिंग का काम ही हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण काम नहीं हो पाया।
वहीं कार्य विभाग के एसडीओ प्रिंस कुमार का कहते है कि जमीन मालिक ने दूसरी तरफ गाड़े गए पोल पर तार नहीं लगाने दिया। जिसके कारण कार्य बाधित हुआ। ग्रामीणों में अजीत कुमार सिंह, नसीम अख्तर, नूर इस्लाम, मिराज हुसैन,सलमान खान, राकेश सिंह, जाबिर हुसैन सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कटिहार डीएम से जांच कर पुल निर्माण की मांग की है।



























