आंधी-बारिश से नल-जल योजना का प्लांट क्षतिग्रस्त,गहराया जल संकट

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित प्लांट ए (पंखावाड़ी) में शुक्रवार देर रात्रि आई तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर नल-जल योजना” के तहत स्थापित यह प्लांट क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके कारण क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, तेज हवा और बारिश के कारण प्लांट के कई महत्वपूर्ण हिस्से प्रभावित हुए हैं, जिससे जलापूर्ति प्रणाली ठप पड़ गई है। पहले से ही सीमित संसाधनों के बीच जीवन यापन कर रहे लोगों के लिए यह स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। स्थिति को और जटिल बनाते हुए पिछले दो दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित है।

आंधी के कारण बिजली के तारों और पोलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे मरम्मत कार्य में देरी हो रही है। बिजली नहीं रहने के कारण नल-जल योजना का संचालन भी प्रभावित हो रहा है, जिससे जल संकट गहराता जा रहा है। इस संबंध में पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलते ही विभाग सक्रिय हो गया है। मिस्त्रियों की टीम को क्षेत्र में भेजा गया है और जहां-जहां खराबी पाई जा रही है, वहां त्वरित मरम्मत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्लांट को दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें शुद्ध पेयजल मिल सके। फिलहाल ग्रामीणों को राहत कार्यों का इंतजार है और स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई