संवाददाता :राहुल कुमार
किशनगंज में आज ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर और ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों व ईदगाहों में नमाजियों का तांता लगा रहा। ईदगाह में नमाज अदा की गई, जहाँ हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ खुदा की बारगाह में सिर झुकाया।
शहर के अंजुमन इस्लामिया मस्जिद के प्रांगण में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की,इसी तरह खगड़ा,रूईधासा,करबला, फ़रीम गोला सहित अन्य स्थानों पर भी निर्धारित समय में सभी ने नमाज अदा किया और एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।रोजेदारों ने नमाज के बाद देश और दुनिया में शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी। नमाज मुकम्मल होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा। छोटे बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया, जो नए कपड़ों में सजे-धजे नजर आए।
जिला प्रशासन और पुलिस बल की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख चौक-चौराहों और ईदगाह के आसपास पुलिस बल तैनात रहा ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार,थाना अध्यक्ष अभिषेक रंजन सहित अन्य पुलिस अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद दिखे।किशनगंज हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। इस मौके पर गैर-मुस्लिम भाइयों ने भी ईदगाह के बाहर अपने मित्रों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जो जिले की अटूट एकता को दर्शाता है।


























