दिघलबैंक के मंगुरा में श्रीमद् भागवत कथा को लेकर भव्य भूमि पूजन, 7 से 13 अप्रैल तक होगा आयोजन

SHARE:

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत मंगुरा वार्ड संख्या 3 में श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन को लेकर शुक्रवार को भव्य भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया गया। धार्मिक माहौल और श्रद्धा-भक्ति के बीच संपन्न इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।


जानकारी के अनुसार, श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन आगामी 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक किया जाएगा। इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में अयोध्या से पधारे अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पूज्य बाल व्यास अमन शास्त्री जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगे। वे सनातन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं।


भूमि पूजन कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि जागेश्वर गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कथा आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, संस्कार और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता भी जताई।


इस अवसर पर हरिनंदन सिंह, विजय राम गोस्वामी, शंकर मालहा, उदय गोस्वामी और हीरा सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।ग्रामीणों में श्रीमद् भागवत कथा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई