मनरेगा कार्यों में जल्दबाजी के बीच अनियमितता,ग्रामीणों में आक्रोश

SHARE:

31 मार्च से पहले योजनाएं पूरी करने की होड़ में नियमों की अनदेखी, जांच की मांग

बरारी/कटिहार – मनरेगा योजनाओं को बंद कर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी के बीच जिले में अनियमितता के मामले सामने आने लगे हैं। विभागीय निर्देश के अनुसार 31 मार्च 2026 तक मनरेगा के तहत चल रही सभी योजनाओं को पूर्ण कर बंद करना है। जिसके बाद 1 अप्रैल से विकसित भारत-रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत नए कार्य शुरू होंगे।

इसी जल्दबाजी में कई स्थानों पर नियमों को दरकिनार कर कार्य कराए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। बरारी प्रखंड के कावर पंचायत वार्ड संख्या 9 में मनरेगा के तहत करीब 8 से 9 लाख रुपये की लागत से आरसीसी कलभट निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसमें गंभीर अनियमितता का आरोप लगा है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जहां मजदूरों से कार्य कराया जाना चाहिए, वहां जेसीबी मशीन का उपयोग किया जा रहा है। जो मनरेगा नियमों के विरुद्ध है। साथ ही निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

पूर्व सरपंच चंदन कुमार सिंह ने इस मामले में कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम देव कुमार को आवेदन देकर जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में 12 एमएम सरिया के स्थान पर 8 एमएम सरिया का उपयोग किया जा रहा है।

जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भविष्य में निर्माण के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। इस संबंध में कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम देव कुमार ने कहा कि मामले की स्थलीय जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई