महुआ में श्री श्री 108 अखंड महा रूद्र यज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा, भक्ति में डूबा क्षेत्र

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बैगना पंचायत के महुआ गांव में मंगलवार को श्री श्री 108 अखंड महा रूद्र यज्ञ के आयोजन को लेकर भव्य कलश एवं शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर सैकड़ों महिलाएं, युवतियां एवं युवा पीतांबर वस्त्र धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

कलश यात्रा यज्ञ स्थल महुआ से प्रारंभ होकर गड़गांव, गिल्हनी, रहमतपुर होते हुए सुहिया शिव मंदिर चौक पहुंची। वहां से श्रद्धालु सुहिया स्थित रेतुआ नदी के तट पर पहुंचे, जहां विधि-विधान एवं पूजा-पाठ के साथ जल भरने की प्रक्रिया संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने पवित्र जल को कलश में भरा और पुनः शोभा यात्रा के रूप में सुहिया हाट, आमबाड़ी, रहमतपुर और गिल्हनी होते हुए यज्ञ स्थल महुआ लौटे।

वहां पूरे विधि- विधान के साथ कलश की स्थापना की गई। इस दौरान रास्ते भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण और भी श्रद्धामय हो गया। महिलाएं पारंपरिक परिधान में सिर पर कलश लेकर चल रही थीं, जो इस आयोजन की विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश गिरी ने बताया कि महा रूद्र यज्ञ के लिए 72 घंटे का संकल्प लिया गया है, जिसमें निरंतर पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। वहीं पंडित जगन्नाथ झा ने बताया कि महा रूद्र यज्ञ अत्यंत पवित्र और फलदायी अनुष्ठान है। इसके आयोजन से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि का वातावरण बनता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रमों से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में धार्मिक आस्था और मजबूत होती है। पूरे आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यज्ञ स्थल पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन और प्रवचन का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई