कटिहार – एनएफ रेलवे इम्प्लाइज यूनियन कटिहार मंडल की ओर से रेल कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं मांगों के समाधान को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है । यह भूख हड़ताल सुबह 9 बजे से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रेल परिसर में प्रारंभ हुई।इस संबंध में एनएफ रेलवे इंप्लाइज यूनियन के मंडल सचिव रजनीश कुमार ने बताया कि रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं।
जिनके समाधान की मांग इंप्लॉई यूनियन द्वारा लगातार उठाई जाती रही है। लेकिन अब तक रेल प्रशासन द्वारा ठोस पहल नहीं होने के कारण अंत में संगठन को यह कदम उठाना पड़ा है। इंप्लाइज यूनियन के केंद्रीय संगठन मंत्री प्रेमशंकर ने बताया कि यूनियन की प्रमुख मांगों में रेलवे बोर्ड के नियम 126/2018 एवं 212/2019 के अंतर्गत सभी विभागों में लंबित वेतन निर्धारण को शीघ्र अंतिम रूप देना, पदोन्नति पर मिलने वाले अतिरिक्त इंक्रीमेंट से कटिहार मंडल के सीनियर ट्रेन मैनेजरों को वंचित रखने के कारणों का जवाब, पदों के पुनर्वितरण के नाम पर वर्तमान बीओएस में की जा रही कटौती को रोकना शामिल है।
जबकि इसके अलावा रेल स्टाफ कैंटीन को पुनः चालू करने,सभी कार्यस्थलों पर महिला कर्मचारियों के लिए समुचित शौचालय की व्यवस्था, मेडिकल डी-कैटेगराइज्ड कर्मचारियों की उचित पदस्थापना, गैंग हाटों पर बिजली और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग शामिल है।
मौके पर केंद्रीय अध्य्क्ष पार्थो भौमिक, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश पासवान, केंद्रीय सहायक सचिव परविंदर सिंह ढिल्लोंन, केंद्रीय संगठन मंत्री प्रेम शंकर एवं रुपेश कुमार, मण्डल मंत्री रजनीश कुमार, मण्डल अध्यक्ष अनिल उपाध्याय, प्रकाश श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिँह अनुराग सौरभ, मुकुंद मिश्रा, एमएल गुप्ता, जेएन झा, इंदल राय, मिर्त्युजय सिंह, विवेक कुमार, संतोष घोस, मिनजूर रहमान, बिराज प्रधान, प्रबीर दे, अबीरा चाकी, गौरी शंकर चौधरी, रोबिन सुब्बा,कौशिक उपाध्याय, महिला शाखा अध्यक्ष पवन कुमारी सैकड़ों की संख्या में यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे ।

























