सड़क दुर्घटना में जख्मी युवक की ईलाज के दौरान मौत

SHARE:

फलका /कटिहार – फलका थाना क्षेत्र के स्टेट हाइवे-77 पर बीते गुरुवार को महेशपुर गांव समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी बाइक सवार युवक को इलाज के लिए सिल्लीगुड़ी अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गयी।मृतक की पहचान सिंटू कुमार यादव (26) पोठिया दुर्गा स्थान निवासी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना पाकर अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन सदलबल के साथ मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम करवाकर शव मृतक के परिजनों को सुपुर्द कर दिया।पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव में पहुंचते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

घटना को लेकर मृतक के पिता हीरालाल यादव ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को उनका पुत्र सिंटू कुमार यादव अपना बाइक का सर्विसिंग कराने हेतु फलका बाइक शोरूम जा रहा था। तभी स्टेट हाईवे-77 पर महेशपुर गांव के एक विद्यालय समीप विपरीत दिशा से आ रही एक दूध वाला पिकअप वाहन ने ठोकर मार दिया।जिसमें उनका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुत्र को जख्मी हालत में प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी फलका ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उपचार के बाद पुत्र का गंभीर हालत देख बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुत्र को इलाज हेतु सिल्लीगुड़ी ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गयी।घटना को लेकर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मामले में अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार सुमन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहन को जब्तकर शव का पोस्टमार्टम करवाकर मृतक के परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।वहीं प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई